
मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र के ग्राम कुल्हेड़ी में सोमवार की देर रात्रि कुछ लोगों ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसकी बुरी तरह मारपीट कर हत्या कर दी। हत्या की सूचना मिलते ही एसपी सिटी और सीओ सदर गांव में पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार सोमवार 13 अक्टूबर की रात्रि को समय करीब 10.30 बजे थाना चरथावल पुलिस को ग्राम कुल्हैड़ी में 01 व्यक्ति की कुछ अन्य व्यक्तियों द्वारा मारपीट कर हत्या कर देने की सूचना प्राप्त हुई।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रवि शंकर मिश्रा एवं थाना प्रभारी चरथावल जसवीर सिंह द्वारा पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा मृतक के परिजनों व स्थानीय लोगों से घटना के सम्बन्ध में जानकारी की गयी। एसपी सिटी के निर्देश पर मुख्यालय से फील्ड यूनिट एवं फॉरेंसिक जांच टीम भी गांव में पहुंच गई और उनके द्वारा साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। थाना चरथावल पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों की तहरीर पर घटना के सम्बन्ध में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए अभियुक्तगण की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की गयी है।
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि उनके द्वारा खुद मौके पर जाकर जांच की गई। गांव में कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। पुलिस गांव में सतर्क दृष्टि बनाए हुए हैं। मृतक के शव को कब्जे में लेकर चरथावल पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है इस संबंध में चरथावल पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की जा रही है।