मेरठ रोड स्थित आवास विकास कालोनी में एक निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर प्लास्टर कर रहे एक व्यक्ति की गिरकर मौत हो गई। आनन फानन में घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आवास विकास कालोनी में नितिन भारद्वार मकान बनावा रहे हैं। बुधवार को थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के ग्राम असौड़ा निवासी हरवीर सिंह मकान की दूसरी मंजिल पर प्लास्टर कर रहा था कि अचानक संतुलन बिगड़ जाने से वह ऊंचाई से गिर गया। इससे मौके पर मौजूद लोगों व अन्य मजदूरों में अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में हरवीर को स्थानीय अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।