नोएडा। नोएडा के व्यस्त व्यावसायिक केंद्र सेक्टर-18 स्थित कृष्णा अपरा प्लाजा (कृष्णा प्लाजा) में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग एक आउटडोर रेस्तरां में शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई और इलेक्ट्रिकल वायरिंग के जरिए शाफ्ट में फैल गई, जिससे पूरा कॉम्प्लेक्स धुंधला धुआं और लपटों से भर गया। दमकल विभाग की 15 गाड़ियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई जानहानि नहीं हुई, लेकिन संपत्ति को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा।घटना सुबह करीब 3:20 बजे की बताई जा रही है।
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग इतनी तेज थी कि लपटें छठी मंजिल तक पहुंच गईं, लेकिन फायरफाइटर्स ने जोरदार प्रयासों से इसे बुझा दिया। कुल 75 अग्निशमन कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
पुलिस और दमकल अधिकारियों के अनुसार, यह प्लाजा एक प्रमुख शॉपिंग और व्यावसायिक परिसर है, जहां दर्जनों दुकानें, रेस्तरां और ऑफिस हैं। आग रात के समय लगी ज्यादा लोग कॉम्प्लेक्स में नही थे सुरक्षकर्मियों ने आग देखी तो दमकल विभाग को सूचित किया।
यह नोएडा के इस लोकप्रिय मार्केट में आग लगने की दूसरी घटना है। इससे पहले अप्रैल 2025 में भी इसी प्लाजा में एक दुकान में आग लगी थी, जिसमें लोग खिड़कियां तोड़कर कूदे थे और कई घायल हुए थे। दमकल विभाग ने अब सुरक्षा मानकों की जांच के आदेश दिए हैं। घटना के बाद इस बिल्डिंग में फायर एनओसी को लेकर जांच तेज हो गई है।