बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में गुरुवार को एक मांगलिक कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। भात के कार्यक्रम में एक नाबालिग द्वारा लाइसेंसी हथियार से की गई फायरिंग में छह साल के एक मासूम बच्चे को गोली लग गई। आनन-फानन में घायल बच्चे को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में एक परिवार में भात का कार्यक्रम चल रहा था। रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग जश्न में डूबे हुए थे। उसी दौरान उत्साह में आकर करीब 16 वर्षीय किशोर ने अपने परिजन के लाइसेंसी हथियार से फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली घर के अहाते में खड़े 6-7 वर्षीय बच्चे को सिर के पास जा लगी। गोली लगते ही कार्यक्रम में चीख-पुकार मच गई और भगदड़ की स्थिति बन गई।
हालत गंभीर, हायर मेडिकल सेंटर रेफर
घायल बच्चे को लहूलुहान हालत में तुरंत नगर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की स्थिति चिंताजनक बताते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया है। घटना के बाद से ही दोनों पक्ष के लोग चुप्पी साधे हुए हैं
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई है। हालांकि, देर शाम तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई थी।
नगर के मोहल्ला सुनारों वाली गली में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग में एक बच्चे को गोली लगी है। घायल बालक को हायर सेंटर रेफर किए जाने की सूचना है। अभी किसी भी पक्ष द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है- प्रखर पाण्डेय, सीओ सिटी