
Mother saves child with Google search: अमेरिका के लुब्बॉस शहर में रहने वाले 6 साल के बच्चे को एक ऐसी बीमारी हुई, जिसके इलाज के बाद भी उसके जीवनभर बिस्तर से जकड़े रहने की संभावना थी। लेकिन बच्चे की मां को एक गूगल सर्च ने रास्ता दिखाया। जी हां 6 साल के विटन डैनियल को अचानक सिरदर्द हुआ और चक्कर आने लगे, इसके बाद उसे अचानक से चलने, बोलने और सांस लेने में कठिनाई होने लगी तो उसकी मां ने डॉक्टर्स से बात की, डॉक्टर्स ने शुरू में फ्लू की आशंका जताई, लेकिन बाद में पता चला कि बच्चे को काफी ज्यादा गंभीर बीमारी थी। तब पूरा परिवार सकते में आ गया। हैरानी की बात यह है कि डॉक्टर्स ने जवाब दे दिया, लेकिन बच्चे की मां के एक सर्च ने उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
इस खतरनाक बीमारी से ग्रसित था विटन
बता दें कि विटन को अचानक सिर दर्द और चक्कर आने की शिकायत होने पर विटन की मां उसे अस्पताल लेकर गई। जहां डॉक्टर ने फ्लू होने की बात कही, लेकिन अगले 24 घंटों में उसकी तबीयत ज्यादा खराब होने लगी, विटन को बोलने और सांस लेने में भी कठिनाई होने लगी और विटन बेहोश हो गया, जिसके बाद तुरंत डॉक्टर्स ने उसे इनट्यूबेट किया और टेस्ट करना शुरू किया है। टेस्ट रिपोर्ट में काफी ज्यादा खतरनाक बीमारी सामने आई।
कई लोगों में लक्षण विकसित नहीं होते
विटन के ब्रेनस्टेम में रक्त वाहिकाओं का एक दुर्लभ समूह लीक हो रहा था। इस कंडिशन को कैवर्नस मालफॉर्मेशन या कैवर्नोमा कहा जाता है। ये बीमारी 500 में से केवल एक व्यक्ति को होने की संभावना होती है। कई पीडितों में इसके लक्षण विकसित ही नहीं होते। बीमारी का पता चलने के बाद डॉक्टर्स ने विटन की मां केसी को इलाज के साइट इफेक्ट्स के बारे में बताया। डॉक्टर्स का कहना था कि इलाज के बाद अगर विटन बच भी जाता है, तो शायद वो कभी चल-फिर नहीं पाएगा और उसे जीवनभर वेंटिलेटर और खाने के लिए फीडिंग ट्यूब का सहारा लेना पड़ेगा।
6 हफ्तों बाद ठीक होकर घर लौटा विटन
इसके बाद परेशान विटन की मां केसी ने आधी रात को गूगल पर इस बीमारी के बारे में सर्च किया, तभी उसकी नजर ह्यूस्टन के यूटी हेल्थ अस्पताल में कार्यरत न्यूरोसर्जन डॉक्टर जैक्स मोरकोस पर पड़ी। केसी ने तुरंत डॉक्टर मारकोस को को एक ईमेल भेजा, वहीं, डॉक्टर मारकोस ने केसी के ईमेल का तुरंत जवाब दिया और विटन को ह्यूस्टन लाने को कहा। विटन को एयर एंबुलेंस के जरिए ह्यूस्टन ले जाया गया, जहां न्यूरोसर्जन डॉक्टर जैक्स मोरकोस और पीडियाट्रिक न्यूरोसर्जन डॉक्टर मनीष शाह ने विटन की सर्जरी की, सर्जरी लगभग 4 घंटे चली, वहीं, कुछ घंटों के अंदर ही विटन होश में आ गया और अपने आप बोलने और सांस लेने लगा। विटन 6 हफ्तों बाद ठीक होकर अपने घर लौट आया।