Noida News: नोएडा के चौड़ा रघुनाथपुर गांव की साधारण परिवार की बेटी वैशाली जोगी ने मेहनत और समर्पण से बॉडीबिल्डिंग एवं वेटलिफ्टिंग में कमाल कर दिखाया है। अब तक 30 से अधिक ट्रॉफियां जीत चुकी वैशाली अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करने जा रही हैं।
व्यक्तियों ने उनकी उपलब्धि की सराहना की
वैशाली आगामी 12 जून 2026 को थाईलैंड में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना होंगी। उनकी इस उपलब्धि पर ग्रेटर नोएडा में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने उनकी उपलब्धि की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।वैशाली, सुभाष भारद्वाज जोगी की पुत्री हैं। बचपन से ही खेलों के प्रति जुनूनी वैशाली ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रशिक्षण से न केवल अपने गांव बल्कि पूरे नोएडा-ग्रेटर नोएडा का नाम गौरवान्वित किया है।
थाईलैंड यात्रा का पूरा खर्च वहन करने की घोषणा
समारोह के दौरान स्थानीय समाजसेवी तेजपाल जोगी ने वैशाली के थाईलैंड यात्रा का पूरा खर्च (फ्लाइट टिकट व अन्य खर्च) वहन करने की घोषणा की। समाज के अन्य सदस्यों ने भी आर्थिक एवं नैतिक सहयोग का आश्वासन दिया।वैशाली जोगी ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा, “मैं अपने गांव, परिवार और देश का नाम रोशन करने के लिए पूरी निष्ठा और मेहनत से तैयारी कर रही हूँ। थाईलैंड में तिरंगा फहराना मेरा सपना है।”