Navratri EV Sales 2026: भारत में फेस्टिव सीजन की शुरुआत होते हैं, ऑटोमोबाइल सेक्टर में गाड़ियों की बिक्री बढ़ जाती है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार इस साल नवरात्रि के 10 दिनों के त्योहारी सीजन में लोगों ने जमकर नई गाड़ियों की खरीदारी की है। खासतौर पर इस बार इलेक्ट्रिक वाहनों की ब्रिकी में ऐतिहासिक उछाल दर्ज किया गया है। ऑटोमोबाइल बिक्री में अब इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी बढ़कर लगभग 10.5 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
ईवी बिक्री में रिकॉर्डतोड़ बढ़ोतरी
फाडा (FADA) की रिपोर्ट के मुताबिक, इस नवरात्रि के 10 दिनों के अंदर देश भर में 2 व्हीलर, 3-व्हीलर और पैसेंजर कारों को मिलाकर कुल 1,17,437 इलेक्ट्रिक वाहन बिके हैं। पिछले साल नवरात्रि के मुकाबले इस बार कुल ईवी बिक्री में सीधे तौर पर 26.78 प्रतिशत की शानदार बढ़त दर्ज की गई है। जो यह बताता है कि देश में इलेक्ट्रिक वाहनों का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है।
किस सेगमेंट का प्रदर्शन रहा शानदार
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन- ईवी सेगमेंट की इस बंपर बढ़ोतरी में सबसे बड़ा योगदान इलेक्ट्रिक स्कूटर्स और बाइकों का रहा है। इस अवधि में कुल 75,758 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स बिके, जो पिछले साल से 33.41 प्रतिशत अधिक है। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और रोजाना के सफर में कम खर्च के चलते लोग अब ईवी स्कूटर्स को ज्यादा प्राथमिकता दे रहे हैं।
इलेक्ट्रिक कारों- सिर्फ दोपहिया वाहन ही नहीं बल्कि इलेक्ट्रिक कारों की मांग में भी भारी तेजी आई है। इस नवरात्रि के दौरान करीब 12,305 इलेक्ट्रिक कारें बिकीं, जो पिछले साल के मुकाबले 25.97 प्रतिशत ज्यादा हैं।
थ्री व्हीलर और कमर्शियल ईवी सेगमेंट- इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर सेगमेंट में 10.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 28,086 यूनिट्स की ब्रिकी दर्ज की गई। जबकि कमर्शियल ईवी सेगमेंट में लगभग 96 प्रतिशत की जबरदस्त छलांग देखने को मिली है।
यह भी पढ़ें: Safety Rating: जापान NCAP में मारुति की पहली इलेक्ट्रिक कार का जलवा, क्रैश टेस्ट में मिली 4-स्टार सेफ्टी रेटिंग
क्यों बढ़ रही ईवी की डिमांड
वहीं इस बिक्री के बाद माना जा रहा है कि ऑटो कंपनियों द्वारा फेस्टिव सीजन में दिए जा रहे आकर्षक डिस्काउंट, आसान फाइनेंस स्कीम्स और जीरो डाउन पेमेंट जैसे ऑफर्स ने ग्राहकों को ईवी खरीदने के लिए सबसे ज्यादा प्रेरित किया है। इसके अलावा सरकारी सब्सिडी और पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त रखने के प्रति लोगों की जागरुकता भी इसमें अहम भूमिका निभा रही है।