Meerut News: सीबीआई अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने बिजली विभाग के रिटायर्ड अधिकारी और उनकी पत्नी को हाउस अरेस्ट एक करोड़ 41 लाख की ठगी कर ली। सीबीआई कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की धमकी देकर साइबर ठग एक माह से अधिक रकम आरटीजीएस के माध्यम से विभिन्न खातों में ट्रांसफर कराते रहे। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने एसएसपी से पूरे मामले की शिकायत की। उनके आदेश पर कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक में खाता खोल कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की
कंकरखेड़ा के रोहटा रोड स्थित नंद विहार कालोनी निवासी राधा कृष्ण बिजली विभाग से रिटायर्ड हैं। उनका कहना है कि 14 दिसंबर की शाम उनके मोबाइल पर काल आई थी। कालर ने जानकारी दी थी कि उनके आधार कार्ड पर नरेश गोयल नामक व्यक्ति ने सिम लिया है और दिल्ली के केनरा बैंक में खाता खोल कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की है। कालर ने पीड़िता को हिदायत दी थी कि वह अपने व अन्य मोबाइल नंबर बंद कर दें। पीड़ित ने जब मोबाइल बंद करने से मना कर दिया तो कालर ने सीबीआई अफसर से वीडियो काल पर बात कराई।
22 लाख की रकम खाते में ट्रांसफर कराई
सीबीआई अफसर ने पीड़िता को बताया था कि उनका नाम धोखाधड़ी में आ चुका है। इसलिए जल्द ही आपको जेल भेज दिया जाएगा। पीड़ित के मुताबिक 30 दिसंबर को जेल नहीं भेजने की एवज में केनरा बैंक के खाते से 22 लाख की रकम सीबीआई अफसर ने अपने एक्सिस बैंक के खाते में ट्रांसफर कराई। इसी तरह छह जनवरी को भय दिखा कर खाते से 20 लाख की आरटीजीएस करा ली गई। पीड़ित ने बताया, साइबर ठगों ने पूरे परिवार को सीबीआई कोर्ट में पेश कराकर जेल भेजने की धमकी देकर चार बार में क्रमश: 50 लाख, 25 लाख, 19 लाख व पांच लाख 16 हजार की रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर ली। इसमें से पत्नी के खाते से 19 लाख की रकम भी गई थी।
एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर किया गया
पीड़ित ने बताया, एक करोड़ 41 लाख रुपये देने के बाद भी सीबीआई अधिकारी डरा धमका कर रमक मांग रहा था, जबकि रिटायर्ड होने के बाद मिली सारी रकम वह दे चुके थे। परेशान होकर पीड़ित ने पूरे मामले की जानकारी रिश्तेदारों को दी। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी का पता चला। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया, एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर किया गया। जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई थी, उन्हें बैंक अधिकारियों की मदद से सीज करा दिया गया है और बैंक से खातों में रकम की डिटेल मांगी गई है।