
नोएडा के सेक्टर-31 में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसमें एक चार वर्षीय मासूम बच्चा रिवर्स कर रही कार की चपेट में आ गया। हादसे के बाद बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह घटना कॉलोनी के ए ब्लॉक में हुई, जहां बच्चा अपने परिवार के साथ किराए पर रह रहा था। बताया जा रहा है कि महिला चालक जयंती शर्मा अपनी कार को रिवर्स कर रही थीं, तभी पीछे खेल रहा बच्चा उनकी चपेट में आ गया। टक्कर लगते ही बच्चा जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे कैलाश अस्पताल, सेक्टर-27 में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बचा नहीं सके। हादसे की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है और कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है।
थाना सेक्टर-20 पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से रिहायशी इलाकों में वाहन चलाने के नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रिवर्स अलार्म और स्पीड लिमिट जैसे उपायों को अनिवार्य किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।