Crime News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 16 वर्षीय किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। निधौली कलां थाना क्षेत्र के जौहरपुर ग्राम पंचायत में सरसों के खेत से किशोर का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। धारदार हथियार से गर्दन पर किए गए हमले ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
खेत में मिली लाश
मृतक किशोर की पहचान धर्मेंद्र के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, धर्मेंद्र रात में घर पर ही था और सुबह रोज की तरह दौड़ लगाने के लिए निकला था। काफी देर तक वापस न लौटने पर तलाश शुरू की गई, तभी बंबा किनारे सरसों के खेत में उसका शव पड़ा मिला। शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे साफ है कि हत्या बेहद नृशंस तरीके से की गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम, सर्विलांस यूनिट और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। पुलिस खेत और आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही अहम सुराग हाथ लग सकते हैं।
यह भी देखेंःUP SIR Voter List: यूपी में वोटर लिस्ट अपडेट का समय बढ़ा, 6 मार्च तक दावे-आपत्तियां, 10 अप्रैल को फाइनल सूची
ग्रामीणों में आक्रोश
किशोर की हत्या से गांव में गुस्सा और भय दोनों का माहौल है। परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना से क्षेत्र की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जल्द होगा खुलासा
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।