
यूपी के बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर में एक पिता ने अपने ही मासूम पुत्री की गला दबाकर सिर्फ इसीलिए हत्या कर दी क्यों कि उसकी पुत्री अक्सर घर से पैसे चोरी कर स्कूल जाती थी, बेटी की हत्या कर पिता ने शव नहर में फेंक दिया। एसपी देहात डॉ.तेजवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने महज दो घंटे में हत्यारोपी पिता को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया है। शव पोस्टमार्टम को भेज विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जनपद के अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र में स्थित अनीवास नहर पुल में 12 साल की किशोरी का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका द्वारा पहनी हुई परदादा-परदादी स्कूल की ड्रेस पहनी थी। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने नहर से शव को निकलवाया, मृतका परदादा-परदादी स्कूल की ड्रेस पहने हुई थी। तभी घटना स्थल से होकर स्कूल से कुछ छात्राएं गांव जा रही थी। पुलिस ने छात्राओं को रोककर शव की पहचान करने को कहा तो छात्राओं ने शव की शिनाख्त सोनी(13) पुत्री अजय निवासी बिचौला के रूप में हुई। परदादा-परदादी के प्रधानाचार्य केके शर्मा ने बताया कि गुरुवार को सोनी स्कूल आई थी, किन्तु दोपहर 12 बजे सोनी के पिता स्कूल आए और सोनी की छुट्टी कराकर अपने साथ ले गए थे।
एसपी देहात डॉ.तेजवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शक के आधार पर मृतका के पिता अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपनी बेटी की हत्या करने का जुर्म स्वीकार कर लिया। हत्यारोपी पिता अजय से पूछताछ के बाद एसपी देहात ने बताया कि सोनी घर से रुपयों की चोरी कर स्कूल में अन्य छात्राओं पर खर्च करती थी। बार-बार समझाने पर भी वह नहीं मानी, रुपए चोरी होने को लेकर अक्सर पति पत्नी में झगड़ा हो जाता था। जिससे कुपित हो पिता ने बेटी की हत्या की। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।