हापुड़,पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एक दिसंबर को एनएच-9 रामा अस्पताल के सामने खेत में सूटकेस में मिले युवती के कंकाल की वारदात का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी युवक ने स्वीकार किया है और उसने मृतका के साथ शारीरिक संबंध और उसकी वीडियो भी बना ली थी। जिसके बाद महिला उसकी शिकायत पुलिस से करने की बात कहती थी। पत्नी के दवाब में आकर उसने युवती की डंडा मारकर हत्या कर दी और शव को सूटकेस में रख दिया था। मृतका युवती के साथ एक अन्य युवती को खड़ा कर दिया और उसकी वीडियो बनाकर उस पर ही हत्या का आरोप मढ़ दिया। पुलिस ने आरोपी दंपति के पास से हत्या में प्रयुक्त डंडा और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस लाइन में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एनएच-09 पर एक खेत में काले सूटकेस में एक महिला का कंकाल बरामद हुआ था। पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं को आधार बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी थी। इस मामले का खुलासा करने के लिए पिलखुवा पुलिस के अलावा स्वॉट टीम को भी लगाया गया था। महिला के दिल्ली-एनसीआर होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दिल्ली में अपना डेरा जमा लिया था। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह के निर्देश पर दिल्ली राज्य के सभी थानों में मृतका की पहचान कराने के पोस्टर आदि चस्पा करने का काम शुरू कर दिया था।
पुलिस टीम जांच के दौरान दिल्ली के थाना विवेक विहार थाने पहुंचे। जहां दिल्ली पुलिस से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि एक युवती के गुमशुदगी के संबंध में कुछ लोग आए थे। पुलिस टीम ने उनके बारे में जानकारी की तो पता चला कि सविता विहार निवासी एक बड़े कारोबारी युवती की गुमशुदगी के संबंध में थाने आए थे। पुलिस ने कारोबारी से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि उनके यहां पर एक मेड काम करती है। वह पिछले काफी दिनों से डरी-सहमी हुई है और उसने ही एक युवती की हत्या को होते हुए देखा है। इस बात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने मेड से जानकारी की। जिसके बाद पता लगा कि जिस युवती का शव सूटकेस में बरामद हुआ है, वह झारखंड राज्य के एक गांव की रहने वाली थी। पुलिस ने इस मामले की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पिलखुवा के गांव डूहरी कट से एक दंपति को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दंपति जिला हापुड़ के थाना सिंभावली के गांव नवादा कलां निवासी अंकित कुमार और जिला
झारखंड के जिला सिमडेगा के थाना ठेठाइंगर के कैरया कुडपानी निवासी महिला कलिस्ता उर्फ काली है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी दंपति ने बताया कि वह विभिन्न राज्यों की महिलाओं को घरों में मेड के रूप में घरों में काम दिलाते हैं। वह मृतका को छत्तीसगढ़ के सिमडेगा गांव के पास से लेकर आए थे। जिसके बाद आरोपी अंकित ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया और उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली थी। पीड़िता द्वारा पुलिस से शिकायत कर उसे फंसाने की धमकी देने के बाद दंपति ने उसकी लाठी से प्रहार कर हत्या कर दी थी।
कुचेसर रोड चौपला पर किराये के मकाने में रह रहा था आरोपी दंपति
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी दंपति वर्तमान में बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला पर रेलवे फाटक को पार कर शकरपुर रोड पर बनी एक कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहा है। गिरफ्तार की गई महिला कलिस्ता उर्फ काली ने मृतका युवती को आठ महीने पहले ही नौकरी लगवाने के नाम पर अपने पास बुलाया था। जिसके बाद आरोपी अंकित ने उसकी नौकरी दिल्ली के एक मकान में लगवा दी थी। लेकिन युवती ने वहां से नौकरी छोड़ दी थी और उसके बाद से वह आरोपी अंकित और कलिस्ता उर्फ काली के पास रह रही थी। इस दौरान आरोपी अंकित ने उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए और उसकी वीडियो बना ली थी।
अगस्त माह में कर दी थी मेड की हत्या
पुलिस जांच के दौरान इस बात की भी जानकारी मिली है कि मृतक दंपति ने युवती मेड की हत्या 27 अगस्त की रात को ही कर दी थी। 28 अगस्त की रात तक दंपति ने शव को सूटकेस में एक स्प्रे के माध्यम से बदबू नहीं आने तक रखा। इसके बाद 29 अगस्त को आरोपी सूटकेस को लेकर अपने साथ निकला। आरोपी दंपति ने एक ऑटो को लिया और उसके बाद उसे कुचेसर रोड चौपला अपने मकान से एनएच-09 पर पिलखुवा के रामा अस्पताल तक लेकर पहुंच गए। जिसके बाद उन्होंने मृतका के शव को खेत में फेंक दिया था।