Delhi Accident News: दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जब तेज रफ्तार मर्सिडीज G63 कार ने ऑटो स्टैंड पर खड़े तीन लोगों को सीधे टक्कर मार दी। घटना नेल्सन मंडेला मार्ग पर एंबियंस मॉल के सामने हुई, जहां तीनों युवा कर्मचारी अपने काम से लौटकर खड़े थे। टक्कर इतनी तेज थी कि 23 साल के रोहित, जो उत्तराखंड के चमोली का निवासी था, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को रात लगभग 2:33 बजे पीसीआर कॉल मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुँची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा। इलाके में घटना के बाद हड़कंप मच गया।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि कार चालक शिवम (29 वर्ष) अपने परिवार के साथ शादी समारोह से लौट रहा था। नेल्सन मंडेला मार्ग पर लगे डायवर्जन पर उसने कार का नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सीधे उस खंभे और ऑटो स्टैंड से टकरा गया, जहां तीनों कर्मचारी खड़े थे। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घायलों में दो कर्मचारियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। कार शिवम के दोस्त अभिषेक की थी, जिसे वह उसी रात चला रहा था।
यह भी देखेंः
ड्राइवर हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी चालक शिवम को हिरासत में ले लिया है और उससे हादसे के हर पहलू पर पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि क्या दुर्घटना के समय कार तेज रफ्तार में थी या शराब के सेवन का मामला सामने आता है। मृतक रोहित और घायल दोनों कर्मचारी एंबियंस मॉल के एक रेस्तरां में काम करते थे। हादसे के बाद उनके साथियों और स्थानीय लोगों में गुस्सा है और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। फिलहाल वाहन को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।