हापुड़: थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव सपनावत में छह मार्च को घर के बाहर खेल रही ढाई साल की मासूम खुले नाले में गिर गई और डूबने से उसकी मौत हो गई। पीड़िता पिता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर खुले नालों को बंद कराने की गुहार लगाई है और जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
गांव सपनावत निवासी गौरव कुमार ने बताया कि घर के सामने एक खुला नाला है। आस-पड़ोस के छोटे बच्चे अक्सर खेलते रहते हैं। छह मार्च को उनकी ढाई साल की पुत्री सिद्धि घर के बाहर खेल रही थी। कुछ देर बाद पुत्री के नहीं मिलने पर उसको ढूंढ़ने का प्रयास किया, तो उसका शव नाले में तैरता दिखाई दिया। जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। पुत्री सिद्धि की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ हैं।
उन्होंने बताया कि यह नाला काफी समय से असुरक्षित स्थिति में है। काफी बार ग्राम प्रधान राहुल राणा से इस नाले को बंद कराने के लिए मौखिक और लिखित रूप से शिकायत की गई थी, लेकिन उन्होंने इस समस्या पर कभी कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अगर समय रहते नाले को बंद कर दिया जाता, तो पुत्री सिद्धि की जान बच सकती थी। भविष्य में ओर भी बच्चों के गिरने की संभावना है। जिससे इस नाले को समय से बंद करने का काम किया जाना चाहिए। जिससे कोई ओर बच्चा नाले में न गिर सके।
एसडीएम मनोज सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। घटना स्थल का निरीक्षण किया जाएगा। नाले को जल्द बंद कराने का काम किया जाएगा। जिससे भविष्य में इस तरह की कोई बड़ी घटना न घटित हो सके।