गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त प्रयास से एक अनूठा दृश्य देखने को मिला। सुबह ठीक 9 बजे शहर के प्रमुख चौराहों पर कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। पब्लिक अवेयरनेस सिस्टम के जरिए लोगों से राष्ट्रगान में शामिल होने की अपील की गई।
राष्ट्रगान शुरू होते ही सड़क पर मौजूद वाहन चालक, राहगीर और स्थानीय निवासी जहां थे, वहीं सावधान की मुद्रा में खड़े हो गए। शास्त्री चौक, गणेश चौक, विश्वविद्यालय चौक, पैडलेगंज, मोहद्दीपुर, यातायात चौक और महाराणा प्रताप चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक पूरी तरह थम गया। चारों तरफ राष्ट्रगान की धुन गूंज उठी।
लोगों ने इस पल को कैमरे में कैद किया और वीडियो तथा रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। यह व्यवस्था नगर निगम की पहल पर लागू की गई थी, ताकि आम नागरिक भी राष्ट्रीय पर्व में सक्रिय रूप से भाग ले सकें। राष्ट्रगान पूरा होने के बाद ही यातायात दोबारा सुचारु किया गया।
इस आयोजन से शहर में देशभक्ति का माहौल और गहरा हो गया। प्रशासन का प्रयास था कि सिर्फ समारोह स्थलों तक ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की सड़कों पर भी राष्ट्रीय सम्मान का भाव जागे। स्थानीय निवासियों ने इस कदम की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम को मजबूत करते हैं।
गोरखपुर समेत पूरे प्रदेश में आज तिरंगा लहराया गया और विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सम्मान समारोह आयोजित हुए। यह घटनाक्रम दिखाता है कि छोटे-छोटे सामूहिक प्रयासों से भी राष्ट्रीय एकता और गौरव का भाव व्यापक स्तर पर फैलाया जा सकता है। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने इस पहल को और प्रभावी बना दिया।