उत्तर प्रदेश की राजनीति में जातीय मुद्दों को लेकर सियासी माहौल गर्माता जा रहा है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और राज्य के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है. कौशांबी जिले में रामबाबू तिवारी आत्महत्या कांड और ग्राम प्रधान भूप नारायण पाल से जुड़ी घटनाओं को लेकर दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं.
BJP पर अखिलेश यादव ने बोला हमला
अखिलेश यादव ने BJP पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार समाज में आपसी टकराव और विभाजन की साजिश रच रही है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के दो डिप्टी सीएम के बयान समाज को बांटने वाले हैं और यह सब भाजपा की आंतरिक राजनीति का हिस्सा है.
अखिलेश यादव ने भाजपा पर किया तीखा वार
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक विस्तृत पोस्ट करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने लिखा, "भाजपा की अंदरूनी राजनीति की शर्मनाक लड़ाई में अब कौशांबी में दो भाजपाई उप मुख्यमंत्री, दो अलग-अलग समाजों को एक-दूसरे से भिड़ा रहे हैं. पहले एक डिप्टी सीएम ने 'पाल' समाज को अन्याय का शिकार बनाकर राजनीतिक मोहरा बनाया, फिर दूसरे डिप्टी सीएम ने अपने समाज के नाम पर दिखावटी सहानुभूति जताई—उस समाज के नाम पर, जिसे भाजपा के शीर्ष नेता पसंद नहीं करते."
उन्होंने आगे लिखा, "अब वही शीर्ष नेता भी सक्रिय हो गए हैं, जिनकी पहले वाले डिप्टी सीएम से पुरानी तनातनी रही है. ऊपर से इन नेताओं के ‘ऊपरवाले’ भी आपस में भिड़े हुए हैं, यही वजह है कि केंद्र सरकार के नेता कौशांबी की राजनीति करने वालों के समर्थन में उतर आए हैं."
उन्होंने लिखा है कि अगर ध्यान से देखा जाए तो यह भाजपा की अंदरूनी राजनीति में एक बड़ा संघर्ष है, जिसमें दो या उससे अधिक समाजों को आपस में टकराने पर मजबूर करके 'कौशांबी, लखनऊ, दिल्ली' की भाजपा राजनीति अपना वीभत्स खेल खेल रही है, जिसका सबसे ज्यादा नुकसान आम जनता को हो रहा है. इस झगड़े में वे लोग भी शामिल हो गए हैं, जिनका समाज 'सत्ता सजातीय' राजनीति का खासा शिकार है और लगातार सत्ता के निशाने पर रहता है. इस वजह से दूसरे उप मुख्यमंत्री, जो अपने समाज पर हो रहे अत्याचार और अपमान को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं, अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं.
डिप्टी सीएम मौर्या का पलटवार
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश के बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, "हमारे लिए न कोई अगड़ा है, न पिछड़ा, न दलित—जो कानून तोड़ेगा, उसे सजा मिलेगी, चाहे वह कोई भी हो. अगर पुलिस गलती करेगी, तो उस पर भी कार्रवाई होगी. प्रदेश की 25 करोड़ जनता को न्याय और सुशासन देना हमारा संकल्प है. जातिवादी मानसिकता से ऊपर उठना जरूरी है."
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनकी राजनीति जातिवाद और झूठी सहानुभूति पर आधारित है. उन्होंने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश की जनता जागरूक हो चुकी है और समाजवादी पार्टी के चाल-चरित्र को समझ चुकी है. मौर्य ने कहा कि जनता अब नफरत की नहीं, बल्कि विकास की राजनीति चाहती है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यादव का जातिवादी एजेंडा पूरी तरह विफल हो चुका है और समाजवादी पार्टी एक डूबते जहाज की तरह है. मौर्य ने भरोसा जताया कि उत्तर प्रदेश अब सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है और यह सिलसिला जारी रहेगा.