परतापुर। परतापुर थाना क्षेत्र के काजमाबाद गूण गांव में शुक्रवार शाम 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर परतापुर थाना पुलिस के साथ सीओ ब्रह्मपुरी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कराया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी चंद्रावती पत्नी पिंटू की करीब 12 वर्ष पहले शादी हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। शुक्रवार शाम चंद्रावती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की जानकारी मिलने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि घटना के समय महिला का पति पिंटू घर पर मौजूद नहीं था। पिंटू रोडवेज बस में चालक के पद पर कार्यरत है। बताया गया कि घटना के समय चंद्रावती की सास हरवीरी की तबीयत भी खराब थी। तेज बुखार के चलते वह अपने कमरे में लेटी हुई थीं। इसी दौरान चंद्रावती की मौत की जानकारी मिलने पर घर में अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों की ओर से महिला की मौत के पीछे गृहक्लेश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि गृहक्लेश की वजह क्या थी और महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया और फॉरेंसिक टीम से जरूरी साक्ष्य एकत्र कराए।महिला की मौत से गांव में मातम पसरा है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां की मौत से दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। घटना को लेकर ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।