मुजफ्फरनगर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मलीरा के जंगल में मिले एक व्यक्ति के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक की पत्नी ने प्रेमी देवर संग मिलकर पति की हत्या को अंजाम दिया था और शव को सुनसान क्षेत्र में फेंक दिया था। शहर कोतवाली पुलिस ने महिला व उसके प्रेमी देवर को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने पति को रास्ते से हटाने के लिए खाने में नींद की गोलियां खिलाई। उसके बाद प्रेमी देवर ने घर पर पहुंचकर सोते हुए उस पर हथौडे से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आला कत्ल हथौडा व खून से सने कपडे व चादर बरामद कर ली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बबलू कुमार वर्मा ने बताया कि रविवार सुबह शहर कोतवाली क्षेत्र में गांव मलीरा में जंगल में संदीप का शव पडा मिला था। उसके सिर पर चोट के निशान थे। घटनास्थल का निरीक्षण करने से प्रतीत हो रहा था कि किसी दूसरे स्थान पर हत्या कर शव को यहां फेंका गया था। पुलिस ने हत्या करने में संदीप की पत्नी मिनाक्षी व ममेरे भाई गौतम उर्फ सौरभ निवासी सदरुद्दीनगर माजरा थाना भौराकलां को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में गौतम उर्फ सौरभ ने बतया कि संदीप उसकी बुआ का लडका था।
अक्सर घर आने जाने पर उसके अवैध संबंध सदीप की पत्नी मिनाक्षी से हो गए। उस समय संदीप यमुनानगर में नौकरी करता था। उसकी गैर मौजूदगी में वह मिनाक्षी से मिलने जाता था। जिसकी जानकारी संदीप के माता पिता को हो गयी थी। उसके बाद संदीप मुजफ्फरनगर में ही नौकरी करने लगा। परिवार के लोगों ने मिनाक्षी के अनावश्यक बिना किसी कारण घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी। जिसमे बाद दोनेां ने मिलकर संदीप की हत्या की योजना तैयार की। योजना के तहत आरोपी गौतम हथौडा लेकर गांव में पहुंच गया था, लेकिन रास्ते में संदीप के देख लेने पर दोनों के बीच नोकझोंक हुई। उसके बाद वह गांव के बाहर गोगा म्हाडी के पास आकर छिपकर बैठ गया। वही आरोपी पत्नी ने संदीप के खाने में नींद की गोली मिला दी, जिस कारण संदीप को नींद आ गयी।
मिनाक्षी ने आरोपी को फोन कर बुला लिया। आरोपी ने सोते हुए संदीप के सिर पर हथौडा से वार कर दिए। मौत हो जाने पर आरोपी बाइक पर शव को लाद कर गांव के बाहर चकरोड पर ले आए फेंककर फरार हो गए। शव मिलने के बाद जब पूछताछ हुई तो पुलिस को प्रेम संबंधों की बात पता लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की तो उन्होंने हत्या में प्रयुक्त खून लगा हुआ हथौड़ा बरामद करा दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।