मुजफ्फरनगर। जनपद के भोपा थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गंगनहर कांवड़ मार्ग पर बाइक द्वारा जा रहे मां बेटे को पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी जिसमें दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गये घायलों को पुलिस द्वारा भोपा सीएचसी पर ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया तथा गंभीर रूप से घायल युवक को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर दुर्घटना कर फरार हुई अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव कम्हेड़ा निवासी 20 वर्षीय हिमांशु पुत्र आजादवीर बाइक पर अपनी 45 वर्षीय मां सुमन कश्यप के साथ शुक्रवार को बाईक द्वारा मोरना किसी कार्य से आए थे। जिसके बाद वह भोपा -बेलड़ा गंग नहर पटरी मार्ग से वापस घर लौट रहे थे।जैसे ही वह भोपा गंग नहर पुल से थोड़ा आगे पहुंचे तभी पीछे से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। तेज़ टक्कर लगने से मां बेटे सड़क पर गिरकर घायल हो गये। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा घायलों को भोपा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया गया जहां चिकित्सक ने सुमन को मृत घोषित कर दिया तथा घायल हिमांशु को गंभीर हालत के चलते जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। सुमन की मौत की खबर परिजनों को दी गयी।
परिवार के सुनील, राजेंद्र,राहुल, सचिन, विनोद आदि अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी की पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मृतका सुमन के पति आजादवीर कश्यप मजदूरी का कार्य करते हैं। परिवार में पुत्र हिमांशु, रमन, आर्यन व पुत्री हिमांशी हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया घटनास्थल से कार का बंपर पडा मिला जिसपर यूए 08जे 0228 लिखा मिला नम्बर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाडी की जांच की जा रही है