Bulandshahr News: डिबाई कोतवाली क्षेत्र की दौलतपुर चौकी अंतर्गत गांव दौलतपुर में शनिवार को एक महिला ने कथित रूप से गृहकलह के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फांसी लगाकर जान देने का किया प्रयास
जानकारी के अनुसार, गांव दौलतपुर निवासी महिला ने अपने घर के अंदर फांसी का फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों और आसपास के लोगों को आशंका हुई। इसके बाद लोगों ने घर का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो महिला फंदे पर लटकी मिली। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
गांव में शोक का माहौल
परिजनों को उम्मीद थी कि महिला की जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी डिबाई, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, फोरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य संकलित किए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला गृहकलह से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मृतका के जेठ ने बताया कि परिवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल दरवाजा तोड़कर महिला को नीचे उतारा गया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।