Bulandshahr News: जनपद के नरसेना थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में एक महिला का सिर कटा शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस महिला के कटे हुए सिर की तलाश में आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चला रही है।
महिला का सिर धड़ से अलग था
जानकारी के अनुसार नरसेना थाना क्षेत्र के गांव घुंघरावली स्थित फरीदा रजवाहे की कच्ची पटरी के पास खेत में ग्रामीणों ने एक महिला का रक्तरंजित धड़ पड़ा देखा। महिला का सिर धड़ से अलग था। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नरसेना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के खेतों और झाड़ियों में महिला के सिर की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक सिर बरामद नहीं हो सका था।
बाजू पर “बबली” नाम लिखा हुआ मिला
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया महिला की हत्या धारदार हथियार से सिर धड़ से अलग कर की गई प्रतीत हो रही है। मृतक महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है, हालांकि उसकी बाजू पर “बबली” नाम लिखा हुआ मिला है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
गांवों में गुमशुदगी की जानकारी भी जुटा रही
प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि शव खेत में पड़े रहने के दौरान किसी जानवर ने उसके साथ छेड़छाड़ की हो सकती है। पुलिस आसपास के गांवों में गुमशुदगी की जानकारी भी जुटा रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
थाना नरसेना पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। महिला की पहचान होने के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।