हल्द्वानी। शहर में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गल्ला मंडी क्षेत्र में एक युवक और युवती की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। दोनों के सिर और चेहरे पर भारी पत्थरों से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें कुचल दिया गया। वर्षों बाद हुए इस डबल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि गल्ला मंडी स्थित गोदामों के पास दो शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक और युवती खून से लथपथ हालत में थे और पास में खून से सने पत्थर भी पड़े थे। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि पत्थरों से सिर पर गंभीर वार कर दोनों की जान ली गई।
मृतकों की पहचान 31 वर्षीय शुभम टम्टा, निवासी लोहर माल रोड तल्ला खोलटा (अल्मोड़ा) और 19 वर्षीय लक्ष्मी, निवासी तल्ली पोखरी (नैनीताल) के रूप में हुई है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। युवक के शव के पास लाइटर और पर्स भी बरामद हुआ है। पुलिस की शुरुआती पड़ताल में युवक के नशे की आदतों से जुड़े संकेत भी मिले हैं, हालांकि हत्या के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह जानने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों के गठन के निर्देश दिए हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों हल्द्वानी में कब से रह रहे थे और यहां उनका क्या उद्देश्य हैं।