
Meerut News: कॉलोनी में भारी वाहनों की आवाजाही के विरोध में एक युवक ने कमिश्नर ऑफिस के सामने पेट्रोल छिड़क कर आत्मदाह का प्रयास किया। इससे पहले कोई बड़ी अनहोनी होती। सिविल लाइन थाना प्रभारी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक को बचा लिया। युवक विक्रम नौचंदी थाना क्षेत्र की प्रीत विहार कॉलोनी का रहने वाला है। युवक ने नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि कमिश्नर के आदेश के बाद भी भारी वाहनों की आवाजाही रुकने का नाम नहीं ले रही है। इससे व्यथित होकर वह भगवान के पास जाने के लिए आत्मदाह करने मां के साथ आया था।
वाहन की चपेट में आने से भतीजे की हो गई थी मौत
आपको बता दें कि मंगलवार को कमिश्नर ऑफिस चौराहे के आसपास सब कुछ सामान्य चल रहा था। अचानक एक युवक अपनी मां के साथ कमिश्नरी ऑफिस के सामने पहुंचा, जिसके हाथ में पेट्रोल की बोतल थी। देखते ही देखते उसने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। यह देखकर वहां खड़ी पुलिस सकते में आ गई और बिना सोचे समझे सिविल लाइन थाना प्रभारी दौड़ पड़े और युवक को अपनी कोली में भरकर जमीन पर बैठा लिया। इस दौरान युवक ने अपना नाम विक्रम बताया। युवक का कहना था कि उसकी कॉलोनी में भारी वाहन आते जाते हैं और पिछले साल एक वाहन की चपेट में आने से उसके भतीजे की मौत हो गई थी। इस संबंध में उसने कमिश्नर ऑफिस में शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर अधिकारियों ने नगर पालिका अधिकारियों को कार्रवाई करने के आदेश दिए थे।
कॉलोनी में आए दिन आते हैं बाहरी वाहन
युवक का आरोप है कि नगर पालिका के कर्मचारी आते है और व्यापारियों के साथ चाय पीकर वापस चले जाते है। आए दिन कॉलोनी में बाहरी वाहन जाते हैं, लेकिन उन्हें रोकने वाला कोई नहीं। युवक ने आशंका जताई है जिस तरह उसके भतीजे की मौत हुई थी। इसी तरह किसी अन्य युवक की अकाल मौत ना हो जाए। जब इस पर किसी ने अंकुश नहीं लगाया तो वह आत्मदाह करने के लिए मजबूर हुआ है, ताकि भविष्य में कोई उसकी कॉलोनी में हादसा ना हो।