Hapur News: सदर कोतवाली क्षेत्र की आदर्श नगर कालोनी में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला को समाप्त कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार रात को सूचना मिली थी कि मोदीनगर रोड स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पत्नी से हुआ था विवाद
जांच में पता चला कि मृतक 35 वर्षीय कैलाश निवासी ग्राम बड़गांव थाना अरनिया जनपद बुलंदशहर का रहने वाला था। परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ में जानकारी प्राप्त हुई कि मृतक का बीती रात्रि अपनी पत्नी गौरा के साथ आपसी विवाद हुआ था। विवाद के बाद उसकी पत्नी अपनी लगभग 07 वर्षीय पुत्री को साथ लेकर अपने मायके चली गई थी।
मामले की जांच की जा रही
एसएचओ सदर मनीष चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद के कारण मृतक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किया जाना सामने आया है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।