बुलन्दशहर। थाना सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के जोखाबाद इलाके में सोमवार सुबह एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शिवकुमार नेत्रपाल, निवासी गांव दिनोल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शिवकुमार सिकंदराबाद क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। सोमवार सुबह काफी देर तक जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो मकान मालिक और आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर कमरे के अंदर दाखिल हुई। पुलिस ने युवक को फंदे से नीचे उतरवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।