ग्रेटर नोएडा। नोएडा के सेक्टर-52 स्थित अरावली अपार्टमेंट में एक युवक ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। सेक्टर-24 थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मृतक मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अंकित वर्मा निवासी मुरैना, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। अंकित सेक्टर-52 के अरावली अपार्टमेंट के प्रथम तल पर किराए के फ्लैट में रह रहा था और एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। वह पिछले कुछ वर्षों से इसी सोसाइटी में रह रहा था। मंगलवार शाम उसने कमरे में बेडशीट से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ओपी यादव ने बताया कि मंगलवार शाम परिजन ने अंकित को फोन किया, लेकिन संपर्क न होने पर उन्होंने उनसे मदद मांगी। कानूनी प्रक्रिया के चलते फ्लैट नहीं खोला जा सका। बुधवार सुबह परिजन ने अंकित के दोस्त को फ्लैट पर भेजा और पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो शव जमीन पर पड़ा मिला। गले में बेडशीट बंधी थी।
पुलिस का कहना है कि बेडशीट फटने से अंकित का शव जमीन पर गिर गया। परिजनों ने बताया कि करीब दो साल पहले अंकित का पत्नी से तलाक हो गया था, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में था।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है