
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र में पुट्ठा रेलवे फाटक से कुछ दूर रेलवे ट्रैक किनारे चल रहा युवक जालंधर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। लोको पायलट ने लहूलुहान युवक को ट्रेन में डालकर परतापुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचाया था। नई बस्ती निवासी 24 वर्षीय अंकुर शुक्रवार दोपहर नई बस्ती से रेलवे ट्रैक किनारे चलकर पूठा गांव की तरफ जा रहा था। इसी दौरान अंकुर मेरठ से चलकर दिल्ली की ओर जा रही जालंधर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया।
हादसे को देखकर लोको पायलट ने तुरंत ही इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका, नीचे उतर कर देखा तो अंकुर ट्रेन के पहियों के बीच फंसा हुआ था। इसके बाद लोको पायलट ने परतापुर रेलवे स्टेशन मास्टर को सूचना दी। यात्रियों की मदद से स्ट्रेचर पर लेटा कर अंकुर को ट्रेन से परतापुर रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया गया। स्टेशन अधिकारियों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से अंकुर को जिला अस्पताल ले गई, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
स्टेशन अधिकारियों के द्वारा अंकुर की जेब से मिले फोन से उसके परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि अंकुर अविवाहित था उसके पिता पशुपालन का काम करते हैं। वह पिता के साथ हाथ बंटाता था। तीन भाई बहनों में वह सबसे छोटा था। इंस्पेक्टर सतवीर सिंह अत्री ने बताया, ट्रेन की चपेट में आने युवक की मौत हुई थी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।