मेरठ। डंपर की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ा युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए डंपर चालक पहचान करते हुए जांच में जुट गई है।
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र क किठौर रोड़ पर होटल पर खाना खाकर सड़क किनारे खड़े रामनगर निवासी आदित्य को तेजगति से आ रहे डंपर चालक ने टक्कर मार दी। जिसमें युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। टक्कर लगते ही वहां पर अफरा तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। चालक डंपर लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को देते हुए घायल को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने डंपर चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए डंपर चालक की तलाश शुरु कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया है भावनपुर और परीक्षितगढ़ क्षेत्रों में मिट्टी ढोने वाले डंपरों का संचालन अत्यधिक बढ़ गया है। ये डंपर अक्सर तेज गति से चलते हैं, हॉर्न नहीं बजाते और ब्रेक का भी कम इस्तेमाल करते हैं। ग्रामीणों का दावा है कि इनमें से अधिकतर डंपर अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं।