हापुड़: पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव खैरपुर-खैराबाद निवासी एक युवक का कार सवार युवकों ने उस वक्त अपहरण कर लिया, जब वह ट्यूशन पढ़कर वापस अपने घर आ रहा था। आरोपी उसे गांव की एक ट्यूबवैल पर ले गए। जहां पर आरोपियों ने उसके साथ लाठी-डंडों और लोहे के सरियाें से उसके साथ मारपीट कर दी। जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
गांव खैरपरु-खैराबाद निवासी सतेंद्र शर्मा ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मंगलवार की शाम करीब साढ़े सात बजे वह गांव के ही एक मास्टरजी के पास में ट्यूशन पढ़कर वापस अपने घर आ रहा था। जब वह घर के रास्ते पर पहुंचा तो गांव के ही कुछ युवकों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट कर दी। जिसके बाद कार सवार युवक उसे गांव निवासी एक व्यक्ति की ट्यूबवैल पर लेकर पहुंच गए। जहां पर आरोपियों ने उसके साथ लाठी-डंडों व लोहे की सरियों से मारपीट करते हुए उसे लहूलुहान कर दिया।
शोर सुनकर मौके पर लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। किसी प्रकार वह अपने घर पहुंचा और मामले की जानकारी परिजन को दी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्यौपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।