बुलंदशहर। सिकन्द्राबाद कोतवाली क्षेत्र में हाइवे-34 पर गोपालपुर गेट के पास सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने युवक की बाइक को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिकन्द्राबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान बंटी के रूप में हुई है, जो औरंगाबाद थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।