मेरठ–पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर इंचौली थाना क्षेत्र के मसूरी अंडरपास के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद कार सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार नोएडा के सेक्टर-99 सराय कॉलोनी निवासी अभिषेक उर्फ अनुज पुत्र अशोक अपनी स्पलेंडर बाइक से मवाना से मेरठ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह मसूरी पब्लिक स्कूल के सामने अंडरपास के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही मेरठ नंबर की फ्रोंक्स कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर लगने के बाद भी कार चालक ने वाहन नहीं रोका और लापरवाही से बाइक सवार को करीब 70 मीटर तक घसीटता चला गया। टक्कर के बाद अभिषेक पुल से लगभग 30 फीट नीचे बनी सर्विस रोड पर जा गिरे। नीचे गिरते ही उनकी तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद कार सवार लोग वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर थाना इंचौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई।
घटना के बाद फॉरेंसिक टीम के फील्ड यूनिट प्रभारी अंशुल कुमार वर्मा भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।