
थाना बादलपुर क्षेत्र में 31 अक्टूबर को हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने मात्र 48 घंटों में सफल खुलासा कर दिया। प्रेम प्रसंग के चक्कर में आक्रोशित बी-फार्मा छात्र और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव दीपक गोस्वामी ने लड़की के पिता महिपाल की गोली मारकर हत्या की थी। आरोपी को धूम बाईपास अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया, उसके कब्जे से अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद हुई।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्तिमोहन अवस्थी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना 31 अक्टूबर की शाम की है, जब डायल-112 पर सूचना मिली कि थाना बादलपुर क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा है। स्थानीय पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त बम्बावड़ गांव के निवासी महिपाल (45 वर्ष) पुत्र बुद्धा के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में गोली लगने की पुष्टि हुई, लेकिन शव के पास कोई पहचान पत्र या मोबाइल नहीं मिला, जिससे मामला रहस्यमय हो गया।
पुलिस ने हत्या की आशंका पर तत्काल छह विशेष टीमों का गठन किया। इन टीमों ने लगभग 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया, लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय स्रोतों की मदद ली। फुटेज में एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध दिखा, जिसकी तलाश तेज कर दी गई। आरोपी की पहचान दीपक गोस्वामी के रूप में हुई।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि 22 वर्षीय दीपक गोस्वामी, मूल रूप से मेरठ के रोहटा मीरपुर गांव का निवासी और वर्तमान में सूरजपुर में रहता था, वह महिपाल की बेटी से शादी करना चाहता था। वह बी-फार्मा की तीसरी वर्ष का छात्र है और 2022 से एक कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में काम कर रहा है। लड़की और उसके पिता ने उसके प्रस्ताव को साफ-साफ ठुकरा दिया था। कुछ महीनों पहले महिपाल ने अपनी बेटी का विवाह कहीं और तय कर दिया, जिसकी तिथि अगले महीने निर्धारित थी। इस बात से दीपक अत्यधिक क्रोधित हो गया।दीपक ने हत्या की साजिश रची और पिछले डेढ़ महीने से दवाइयों की मार्केटिंग के बहाने महिपाल के आने-जाने के रूट की रेकी करता रहा। वह उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। 31 अक्टूबर को जब महिपाल अकेले दिखे, तो दीपक ने मौका ताड़कर गोली मार दी। हत्या के बाद शव की पहचान न हो सके, इसके लिए उसने महिपाल का मोबाइल फोन भी लूट लिया।
2 नवंबर को लोकल इंटेलिजेंस और टिपर की सूचना पर थाना बादलपुर पुलिस ने धूम बाईपास अंडरपास के पास दबिश देकर दीपक को धर दबोचा। उसके कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल (मय मैगजीन), तीन जिंदा कारतूस, एक वीवो मोबाइल, एक आईफोन और एक मोटरसाइकिल (रजि. नं. UP16DK0265) बरामद की गई। ये सामान हत्या में प्रयुक्त हुए थे।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्तिमोहन अवस्थी ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, "यह खुलासा हमारी टीम की कड़ी मेहनत और तकनीकी सहायता का नतीजा है। सीसीटीवी फुटेज और इंटेलिजेंस ने मात्र दो दिनों में आरोपी तक पहुंच बनाई। हम अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रहे हैं।" उन्होंने जनता से अपील की कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।