
मेरठ में बीमारी ठीक करने का झांसा देकर तांत्रिक ने युवक से 25 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी के चंगुल में फंसे युवक को बीमारी ठीक कराने के लिए घर के जेवर व बैंक से लोन भी लेना पड़ा। रुपये वापस मांगने पर तांत्रिक ने पीड़ित को हत्या की धमकी दी है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने मेडिकल थाना पुलिस को जांच कर आरोपी पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
मेडिकल थाना क्षेत्र के शेरगढ़ी निवासी बंटी सोमवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचा। उसने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि वह नगर निगम में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है और काफी समय से बीमार चल रहा है। इलाज कराने के बाद भी वह ठीक नहीं हो रहा था। कुछ माह पहले उसके दोस्तों ने बताया था कि उसका एक तांत्रिक जानकार है जो उसकी बीमारी ठीक कर देगा। एक दिन वह दोस्त के साथ खत्ता रोड मस्जिद वाली गली ब्रह्मपुरी में तांत्रिक से मिलने गया तो तांत्रिक ने उस पर भूत प्रेत का साया बताया और तंत्र क्रिया से ठीक करने का झांसा दिया। साथ ही तांत्रिक ने घर में सोना भी दबा होने की बात भई बताई थी। इसके लिए तांत्रिक ने तीन लाख रुपये मांगे थे। पीड़ित ने बताया, तांत्रिक की बातों में आकर उसने तीन लाख रुपये उसे दे दिए। इसके कुछ दिनों बाद तांत्रिक ने कलियर में 51 डेग चढ़ाने के नाम पर लाखों रुपये फिर से ले लिए। हर बार तंत्र क्रिया के नाम पर तांत्रिक रुपये लेता रहा।
पीड़ित ने बताया, तांत्रिक अब तक उससे 25 लाख रुपये ले चुका है, जो उसने घर का जेवर बेचने और बैंक से लोन लेकर दिए है। बीमारी ठीक नहीं होने पर जब उसने आरोपी तांत्रिक से रुपये मांगे तो वह हत्या की धमकी देने लगा। एसएसपी डा. विपिन ताडा ने मेडिकल थाना प्रभारी को जांच कर आरोपी तांत्रिक पर कार्रवाई के आदेश दिए है। पीड़ित का कहना था कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह परिवार के साथ आत्महत्या कर लेगा।