हापुड़, गेमिंग एप में एक युवक ने करीब 25 लाख रुपये का निवेश किया और इस दौरान उसने कुछ रुपये जीते भी. लेकिन अचानक से उसके साथ ठगी हो गई. जिसका पता लगने पर पीड़ित के पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित को जब ठगी का पता लगा तो उसने अब साइबर ठगों के खिलाफ बाबूगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
गांव चक्रसैनपुर निवासी अजय ने बताया कि बीती 07 जुलाई 2025 को उसने एक गेमिंग एप का प्रचार ऑनलाइन सोशल मीडिया पर देखा था। इसमें दिखाया गया था कि कम पूंजी में निवेश करने के बाद अधिक रुपये प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके बाद उसने इसी दिन गेमिंग एप में तीन हजार रुपये निवेश किए। वह यह रुपये हार गया और उसने दोबारा फिर से तीन हजार रुपये का निवेश किया। इन रुपयों को भी गेम एप्लिकेशन में बैट लगाकर वह हार चुका था। इसके बाद उसके खाते में 2292 रुपये बचे थे। उसके बाद भी युवक ने इस गेमिंग एप में दो हजार रुपये का और निवेश कर दिया। इन रुपयों को भी वह गेम एप में बैट लगाकर हार चुका था। इसके बाद उसने रुपयों को वापस पाने के लालच में आसपास के लोगों से रुपया भी उधार लेना शुरू कर दिया.
पीड़ित अजय ने बताया कि उसके पिता की एचपीडीए ने गांव में पड़ी जमीन को खरीद लिया था. जिसके बाद उसके पिता के खाते में 22 लाख रुपये का भुगतान जमा था। इन रुपयों की मदद से उसके पिता को मकान बनवाना था। उसने अपने पिता से इन रुपयों को अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया था। इन रुपयों को भी उसने गेमिंग एप में लगा दिया था। गेमिंग एप में दिन में यूपीआई से पेमेंट की लिमिट एक लाख थी। हालांकि इस दौरान उसने 12 लाख रुपये जीते भी थे। इसके बाद उसने गेमिंग एप में पैसा लगाना बंद नहीं किया था.
बार-बार रुपये वापस जीतने के लालच में उसने करीब 25 लाख रुपये गंवा चुका है। 15 नवम्बर 2025 को उसके पास एक मैसेज आया। जिसके बाद उसने सचेत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साइबर ठगों को जल्द ही गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा.