बुलंदशहर। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव सनेता भाईपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस मामले को आत्महत्या और अन्य पहलुओं से जोड़कर जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार शिकारपुर क्षेत्र के गांव रनाइच निवासी महेश राघव पिछले कुछ समय से अपनी बहन रेखा के पास गांव सनेता भाईपुर में रह रहा था। बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उसे गोली लग गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान महेश ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियार की भी जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य बिंदुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। देर शाम तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।