Hapur News: देहात थाना क्षेत्र के मेरठ-खुर्जा रेलवे ट्रैक पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक युवक कानों में एयरफोन लगाकर गाने सुनता हुआ चल रहा था। तभी अचानक से वह एक ट्रेन की चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजन को सूचना दी। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह को मीनाक्षी रोड स्थित मोहल्ला शिवचरणपुरा निवासी 35 वर्षीय प्रदीप मोहल्ले के पास से निकल रहे मेरठ-खुर्जा रेलवे ट्रैक के पास टहल रहा था। उसके कानों में एयरफोन लगे थे और वह गाने सुनता हुआ अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। तभी अचानक से एक ट्रेन की चपेट में आ गया। उसका शव पुलिस को पिलर नंबर 60/5 व 60/6 के मध्य से बरामद किया गया है। जैसे ही युवक ट्रेन की चपेट में आया तो मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। आनन फानन में युवक की मौत की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और शिनाख्त कराते हुए मृतक के परिजन को सूचना दी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जैसे ही मृतक प्रदीप के घर पर यह सूचना पहुंची तो वहां कोहराम मच गया। आनन फानन में परिजन व मोहल्ले के लोग भी मौके पर पहुंच गए। शव को देखकर परिवार के लोगों की आंख नम हो गई थी। देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।