ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ट्विंस बिल्डिंग में रहने वाली 30 वर्षीय बरखा सिंह ने सोसाइटी की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा है— “महादेव, अब मेरी जिंदगी में बचा ही क्या है। मैं अब जीना नहीं चाहती। मेरी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए।”
घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि बरखा मूल रूप से जौनपुर जिले के खोजी गांव की निवासी थी और ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव स्थित ट्विंस बिल्डिंग में अपनी नानी के साथ रहती थी। बरखा की मां का निधन बचपन में ही हो गया था, जबकि पिता उससे अलग रहते हैं।
परिजनों के अनुसार, बरखा का पालन-पोषण उसकी नानी ने किया था। वह मेकअप आर्टिस्ट बनने का सपना देखती थी और इसके लिए लगातार प्रयास कर रही थी। लेकिन निजी और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थी और अवसादग्रस्त रहने लगी थी।
पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।