
कोई भी सरकारी काम हो तो उसे कराने के लिए आधार कार्ड और पैन कार्ड की जरूरत पड़ती है. इसके लिए इन्हें समय-समय पर अपडेट कराना भी जरूरी होता है लेकिन अब आधार कार्ड अपडेट करवाना आपकी जेब पर भारी पड़ने वाला है. दरअसल भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने आधार से जुड़ी सेवाओं के शुल्क में बढ़ोत्तरी का ऐलान कर दिया है.
30 सितंबर 2028 तक मान्य रहेंगे नए शुल्क
ये नए शुल्क 1 अक्टूबर 2025 से लागू कर दिए गए हैं. जो कि 30 सितंबर 2028 तक मान्य रहेंगे. वहीं इस अवधि के पूरा होने पर अगला रेट चार्ट 1 अक्टूबर 2028 से 30 सितंबर 2031 तक लागू किया जाएगा. बता दें कि UIDAI पहले जिन सेवाओं के लिए 50 रुपये या 100 रुपये का शुल्क लिया करता था, अब उनके लिए क्रमशः 75 रुपये और 125 रुपये देने पड़ेंगे और इतना ही नहीं अगले चक्र यानी 2028 से ये रेट और बढ़ा दिए जाएंगे.
कौन-कौन सी सेवाएं हो गई हैं महंगी?
इस नई घोषणा के बाद अब पहले 50 रुपये में होने वाले अपडेट्स अब 75 रुपये में किए जाएंगे. इसमें नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि जैसी जनसांख्यिकी जानकारी को अपडेट करना शामिल किया गया है. इसके अलावा पहले 100 रुपये में होने वाले बायोमेट्रिक अपडेट (जैसे- फिंगरप्रिंट, आईरिस या फोटो) के लिए अब 125 रुपये चुकाने पड़ेंगे. फिलहाल ये बदलाव 2025 से 2028 के बीच लागू रहने वाला है लेकिन 2028 से 2031 के बीच इन सेवाओं का चार्ज और बढ़ जाएगा.
बायोमेट्रिक अपडेट से किसे मिलेगा फायदा?
इसके साथ ही UIDAI ने कुछ उम्र समूहों को राहत भी दी है. इसमें 5 से 7 साल और 15 से 17 साल की उम्र के बच्चों/किशोरों का बायोमेट्रिक अपडेट एक बार के लिए मुफ्त रहेगा. वहीं 7 से 15 साल तक के बच्चों के लिए 30 सितंबर 2026 तक बायोमेट्रिक अपडेट कराने का चार्ज माफ कर दिया गया है. ये कदम UIDAI की तरफ से समय पर अपडेट को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है. हालांकि यदि कोई शख्स अन्य उम्र में बायोमेट्रिक की जानकारी को अपडेट कराना चाहता है, तो उसे 125 रुपये और साल 2028 के बाद 150 रुपये 2031 तक के लिए देने होंगे.
14 जून 2026 तक ऑनलाइन अपडेट सेवा मुफ्त
यदि आप अपने आधार में एड्रेस या अन्य दस्तावेज ऑनलाइन प्रारूप से myAadhaar पोर्टल के जरिए अपडेट कर देते हैं, तो 14 जून 2026 तक यह सेवा मुफ्त कर दी गई है लेकिन अगर आप यही अपडेट आधार सेवा केंद्र पर जाकर करवाते हैं, तो पहले जहां 50 रुपये देने पड़ते थे, वहां पर अब 75 रुपये चुकाने पड़ेंगे.
रंगीन प्रिंट और eKYC लेना भी हो गया महंगा
अगर आप आधार कार्ड की कलर कॉपी या eKYC लेना चाहते हैं, तो इसके लिए भी आपको पैसे चुकाने पड़ेंगे. जिसका चार्ज 40 रुपये 2025-2028 तक और 2028-2031 तक के लिए 50 रुपये तय किया गया है.
घरेलू सेवा के लिए भी तय कर दिए गए शुल्क
इसके अलावा UIDAI ने घरेलू आधार सेवाओं का भी शुल्क तय कर दिया है. अगर कोई शख्स घर बैठे ही आधार अपडेट कराने का इच्छुक है, तो इसके लिए उसे 700 रुपये (GST सहित) देने पड़ेंगे. साथ ही परिवार के अन्य सदस्य भी ये सेवा लेना चाहते हैं, तो हर अतिरिक्त व्यक्ति के लिए 350 रुपये का चार्ज लिया जाएगा. ये चार्ज जनसांख्यिकी और बायोमेट्रिक अपडेट की सामान्य फीस से अलग होंगे.
7 से 15 साल के बीच के किशोर अभी करा लें अपडेट
यदि आपकी उम्र 7 से 15 साल तक के बीच में है, तो 30 सितंबर 2026 से पहले ही बायोमेट्रिक अपडेट जरूर करवा लें, क्योंकि इस उम्र के किशोरों और बच्चों के लिए अभी ये सेवा मुफ्त है. डॉक्युमेंट अपडेट ऑनलाइन कर सकते हैं क्योंकि अभी यह 14 जून 2026 तक फ्री में उपलब्ध है.