Entertainment News : बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट और कथित ऑडियो क्लिप में दावा किया गया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने उन्हें धमकी दी है। वायरल सामग्री में आमिर की हालिया शादी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, इन पोस्ट और ऑडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है.
तीसरी शादी को लेकर लगाए गए आरोप
रिपोर्ट्स के अनुसार, धमकी देने वालों ने आमिर खान की तीसरी शादी को निशाना बनाते हुए उस पर "लव जिहाद" को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। वायरल संदेश में कहा गया कि ऐसे मामलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभिनेता को "सबक सिखाने" की बात कही गई। कथित ऑडियो में भी इसी तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें अभिनेता के खिलाफ धमकी भरे बयान सुनाई देते हैं.
पुलिस कर रही है दावों की जांच
मामले के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई पुलिस वायरल पोस्ट और ऑडियो क्लिप की सत्यता की जांच कर रही है। अब तक आमिर खान या उनकी टीम की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और न ही इस मामले में किसी एफआईआर की पुष्टि हुई है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
पहले भी उठ चुका है शादी को लेकर विवाद
आमिर खान की हालिया शादी के बाद सोशल मीडिया और कुछ सार्वजनिक मंचों पर उनकी निजी जिंदगी को लेकर बहस छिड़ी थी. अभिनेता ने हाल ही में इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनकी सभी शादियां कानूनी रूप से हुई हैं और उनकी किसी भी पत्नी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके परिवार में अलग-अलग धर्मों के लोगों का सम्मान किया जाता है और उनकी निजी जिंदगी को गलत तरीके से पेश नहीं किया जाना चाहिए.
सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
सलमान खान को पहले मिल चुकी धमकियों के बाद अब आमिर खान का नाम भी सामने आने से फिल्म उद्योग में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. फिलहाल जांच एजेंसियां वायरल सामग्री की सच्चाई का पता लगाने में जुटी हैं। जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक इन दावों को अंतिम सत्य नहीं माना जा सकता। अभिनेता या उनके प्रतिनिधियों की ओर से इस पूरे मामले पर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है.