आमिर खान का खुलासा : फिल्म 3 इडियट्स को लेकर कई वर्षों से यह चर्चा होती रही है कि फिल्म का मुख्य किरदार रैंचो या फुंसुख वांगडू, शिक्षा सुधारक और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से प्रेरित था। अब अभिनेता आमिर खान ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि यह धारणा सही नहीं है और फिल्म बनाते समय पूरी टीम सोनम वांगचुक के बारे में नहीं जानती थी.
'चतुर' के बयान को बताया गलत
आमिर खान ने हाल ही में अभिनेता ओमी वैद्य, जिन्होंने फिल्म में चतुर का किरदार निभाया था, के उस बयान का भी जवाब दिया जिसमें उन्होंने सोनम वांगचुक और फिल्म के किरदार के बीच संबंध की बात कही थी। आमिर ने साफ शब्दों में कहा कि यह बात सही नहीं है। उन्होंने बताया कि लेखक राजकुमार हिरानी और अभिजात जोशी सहित पूरी टीम को उस समय सोनम वांगचुक की जानकारी नहीं थी। इसलिए यह कहना कि फिल्म उनके जीवन पर आधारित थी, एक गलतफहमी है.
सोनम वांगचुक के काम की तारीफ
हालांकि आमिर खान ने फिल्म और सोनम वांगचुक के बीच किसी सीधे संबंध से इनकार किया, लेकिन उन्होंने वांगचुक के काम की खुलकर सराहना की. उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक शिक्षा और समाज के लिए अच्छा काम कर रहे हैं और उनके प्रयास सम्मान के योग्य हैं। किसी व्यक्ति का सम्मान करने के लिए यह जरूरी नहीं कि उस पर कोई फिल्म बनी हो.
फिर क्यों जुड़ा दोनों का नाम?
3 इडियट्स के अंतिम हिस्से में आमिर खान का किरदार एक ऐसे शिक्षक और आविष्कारक के रूप में दिखाया गया था, जो बच्चों को नए तरीके से शिक्षा देता है. इसी वजह से कई लोगों ने इसे सोनम वांगचुक की असली जिंदगी से जोड़ दिया। समय के साथ यह धारणा और मजबूत होती गई। लेकिन अब आमिर खान के बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि फिल्म का मुख्य किरदार सीधे तौर पर सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था.
बयान के बाद फिर शुरू हुई चर्चा
आमिर खान के इस बयान के बाद सोशल मीडिया और फिल्म प्रेमियों के बीच एक बार फिर इस विषय पर चर्चा शुरू हो गई है. कई लोग इसे लंबे समय से चली आ रही गलतफहमी का अंत मान रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि फिल्म और सोनम वांगचुक के काम में कुछ समानताएं जरूर दिखाई देती हैं. हालांकि आमिर खान ने साफ कर दिया है कि यह केवल संयोग हो सकता है, न कि फिल्म की मूल प्रेरणा. उनके इस बयान से वर्षों पुरानी बहस को नया मोड़ मिला है और अब दर्शकों के सामने फिल्म की कहानी को लेकर स्थिति पहले से अधिक स्पष्ट हो गई है.