Abhijeet Deepke Video: CJP प्रमुख अभिजीत दीपके के एक वीडियो बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शनों की रणनीति बनाने और उन्हें आगे बढ़ाने में सौरव दास और आशुतोष रांका की अहम भूमिका रही है। दीपके के मुताबिक, वह खुद आंदोलन के प्रमुख नेतृत्वकर्ता नहीं थे, बल्कि दोनों के निर्देशों के अनुसार काम कर रहे थे। उनके इस बयान पर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे। इसके बाद दीपके ने देर रात एक और वीडियो जारी कर अपनी बात रखी।
इस बीच, आशुतोष रांका और सौरव दास के खिलाफ दर्ज दोनों मामलों को क्राइम ब्रांच के पास भेज दिया गया है। ये मामले कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शनों से संबंधित हैं। सूत्रों के अनुसार, कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में बिना अनुमति प्रवेश से जुड़ा मामला पहले ही क्राइम ब्रांच को सौंपा जा चुका था। अब जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से जुड़े मामले की जांच भी क्राइम ब्रांच करेगी।
https://twitter.com/abhijeet_dipke/status/2112458509925417420
पहले वीडियो में क्या बोले अभिजीत दीपके?
CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने करीब 16 मिनट के वीडियो में आंदोलन के नेतृत्व को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने सौरव दास और आशुतोष रांका को आंदोलन की रणनीति तय करने और प्रदर्शनों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाने वाला बताया। दीपके के मुताबिक, संगठन में हुए प्रदर्शनों का नेतृत्व मुख्य रूप से सौरव और आशुतोष कर रहे थे। उन्होंने खुद को उनके निर्देशों के मुताबिक काम करने वाला बताया। इस बयान के सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि दीपके विवाद से खुद को अलग करने और जिम्मेदारी दूसरे नेताओं पर डालने की कोशिश कर रहे हैं। इसी प्रतिक्रिया के बीच उन्होंने देर रात एक और वीडियो साझा किया।
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर मामले में आशुतोष रांका और सौरव दास को राहत नहीं, दो दिन और तिहाड़ जेल में रहेंगे
दूसरे वीडियो में दीपके ने क्यों दी सफाई?
दूसरे वीडियो में अभिजीत दीपके ने सौरव दास और आशुतोष रांका की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों उनसे ज्यादा तेज और प्रतिभाशाली हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन में किसी एक व्यक्ति की मनमानी के लिए जगह नहीं होनी चाहिए। दीपके ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि अगर संगठन में कोई व्यक्ति उनसे बेहतर काम करता है या बेहतर फैसले लेता है, तो इसे स्वीकार करने में उन्हें कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने सौरव और आशुतोष को कई मामलों में खुद से बेहतर बताया और कहा कि दोनों में परिस्थितियों को समझने और फैसले लेने की अच्छी क्षमता है।
https://twitter.com/abhijeet_dipke/status/2112559628890563050
दीपके ने दोनों को अपने से बेहतर नेता और बेहतर इंसान भी बताया। उनके इस दूसरे वीडियो को पहले बयान के बाद उठे सवालों के बीच अपनी बात स्पष्ट करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।