Abhijeet Dipke Video: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के एक्टिविस्ट अभिजीत दिपके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो दिल्ली एयरपोर्ट का बताया जा रहा है, जहां कुछ लोग दिपके पर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं। वीडियो में लोग उनसे सवाल करते हुए कहते सुनाई देते हैं, 'देश को क्यों खराब कर रहा है भाई?' एक अन्य दृश्य में कुछ लोग 'चोर-चोर' के नारे लगाते भी सुनाई देते हैं। हालांकि, वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब CJP के तीन कार्यकर्ताओं सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने को लेकर विवाद चल रहा है।
बैरिकेड पार कर जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश का आरोप
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को CJP के तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। आरोप है कि वे बैरिकेड पार करके जंतर-मंतर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। जंतर-मंतर पर अब निर्धारित नियमों के तहत ही प्रदर्शन की अनुमति है और वहां बिना अनुमति प्रदर्शन नहीं किया जा सकता। इस कार्रवाई के बाद अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर लोगों से 16 अक्टूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में जुटने और तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'तिरंगा लहरा दो।' साथ ही, उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने वाले लोगों से इस कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें: री-काउंटिंग की मूल वीडियो रिकॉर्डिंग गायब, सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग को दी चेतावनी!
'तिरंगा फहराना कोई अपराध नहीं', दिपके ने उठाए सवाल
अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि सौरव दास और आशुतोष रांका को केवल तिरंगा फहराने की वजह से जेल में रखा गया है। उनका कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज देश के गौरव का प्रतीक है और इसे फहराना अपराध नहीं होना चाहिए। दिपके ने यह भी कहा कि उन्हें जेल जाने का डर नहीं है और वह तिरंगा फहराकर रहेंगे। उन्होंने दिल्ली नहीं पहुंच पाने वाले लोगों से अपने-अपने शहरों में शाम के समय तिरंगा मार्च निकालने की अपील भी की।
CJP कार्यकर्ताओं की हिरासत, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर लागू नियमों और दिपके के तिरंगा फहराने के ऐलान के बीच यह मामला चर्चा में बना हुआ है। वहीं, दिल्ली एयरपोर्ट पर उनके साथ हुई कथित घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।