15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर लगातार चर्चा हो रही है, लेकिन भारतीय क्रिकेट में एक ऐसा खिलाड़ी भी है, जो पिछले पांच साल से टीम में चुने जाने के बावजूद टेस्ट कैप का इंतजार कर रहा है। सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन कई बार भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा बने, लेकिन अब तक उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिल सकी है। ऐसे में श्रीलंका दौरे से पहले एक बार फिर उनके भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
कई बार स्क्वॉड में रहे, लेकिन मौका नहीं मिला
अभिमन्यु ईश्वरन 2024-25 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया गए थे, लेकिन पांचों टेस्ट में बेंच पर ही बैठे रहे। इससे पहले इंग्लैंड दौरे के लिए भी उन्हें टीम में चुना गया था, मगर वहां भी डेब्यू का सपना पूरा नहीं हो सका। लगातार चयन होने के बावजूद अंतिम एकादश से बाहर रहना उनके करियर की सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।
17 खिलाड़ियों को मिला डेब्यू, ईश्वरन अब भी इंतजार में
रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद भारतीय टीम में कई नए चेहरों को मौका मिला। इस दौरान श्रेयस अय्यर, यशस्वी जायसवाल, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल, रजत पाटीदार, आकाश दीप, साई सुदर्शन और हर्षित राणा समेत 17 खिलाड़ियों ने टेस्ट डेब्यू किया। लेकिन अभिमन्यु ईश्वरन अब भी अपनी पहली टेस्ट कैप का इंतजार कर रहे हैं।
घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन
6 सितंबर 1995 को देहरादून में जन्मे अभिमन्यु ईश्वरन घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 113 प्रथम श्रेणी मैचों में 8381 रन बनाए हैं, जिसमें 27 शतक और 36 अर्धशतक शामिल हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 4107 रन हैं, जबकि टी20 में भी वह 1200 से अधिक रन बना चुके हैं। लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद अंतरराष्ट्रीय डेब्यू अब तक नहीं हो पाया है।
इसे भी पढ़ें : Ram Mandir दान चोरी पर Dhirendra Shastri का बड़ा बयान, बोले- जिन्होंने भगवान को नहीं छोड़ा, वे हमें क्या छोड़ेंगे?
श्रीलंका दौरे पर खत्म होगा इंतजार?
भारत अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा, जिसके बाद न्यूजीलैंड दौरा भी होना है। ऐसे में एक बार फिर अभिमन्यु ईश्वरन के नाम पर चर्चा तेज हो गई है। चयनकर्ता लगातार उन पर भरोसा जता रहे हैं, लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार उन्हें आखिरकार टेस्ट कैप मिलेगी, या उनका लंबा इंतजार कुछ और समय तक जारी रहेगा।