आईपीएल 2026 के मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर अभिषेक शर्मा ने ऐसी पारी खेली जिसने रिकॉर्ड बुक ही बदल दी। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उन्होंने 68 गेंदों में नाबाद 135 रन ठोक दिए। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 10 छक्के लगाए। उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी के सामने दिल्ली के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए और हर गेंदबाज की इकॉनमी 10 से ऊपर चली गई।
गेंदबाजों की जमकर हुई पिटाई
दिल्ली के गेंदबाजों के लिए यह मुकाबला किसी बुरे सपने जैसा रहा। कुलदीप यादव ने 2 ओवर में 30 रन दिए, मुकेश कुमार ने 4 ओवर में 53 रन खर्चे, जबकि नीतीश राणा ने 4 ओवर में 55 रन लुटाए। अभिषेक ने हर गेंदबाज पर हमला बोला और मैदान के चारों ओर शॉट्स की बारिश कर दी। उनकी इस पारी ने हैदराबाद को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
क्रिस गेल का रिकॉर्ड टूटा
इस पारी के साथ अभिषेक शर्मा ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने टी20 क्रिकेट में चौथी बार 130 से ज्यादा रन बनाए और इस मामले में क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया। गेल और एरोन फिंच ने अपने करियर में 3-3 बार 130+ स्कोर बनाए थे, लेकिन अभिषेक अब इस सूची में सबसे आगे पहुंच गए हैं।
पहले भी कर चुके हैं बड़े धमाके
अभिषेक शर्मा का यह कारनामा अचानक नहीं आया है। इससे पहले भी वह कई बड़ी पारियां खेल चुके हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 135 रन की पारी खेली थी, जो भारतीय खिलाड़ी का टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वोच्च स्कोर रहा। इसके अलावा आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 141 रन और घरेलू टूर्नामेंट में 148 रन की पारी भी उनके नाम है। इन सभी पारियों ने उन्हें टी20 का खतरनाक बल्लेबाज बना दिया है।
इसे भी पढ़ें : Abhishek के शतक पर गुरु का सलाम, Yuvraj ने कहा ‘सर’, चप्पल वाली बात क्यों आई याद?
नई ऊंचाई पर पहुंचा करियर
इस पारी के साथ अभिषेक शर्मा ने खुद को टी20 क्रिकेट के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में शामिल कर लिया है। लगातार बड़े स्कोर बनाकर उन्होंने साबित कर दिया है कि वह लंबे समय तक टीम के लिए मैच विनर बन सकते हैं। उनका यह प्रदर्शन न सिर्फ उनकी टीम के लिए बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए भी बड़ा संकेत है कि एक नया सितारा पूरी तरह चमक चुका है।