गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला पूरी तरह एकतरफा साबित हुआ। टीम इंडिया ने 154 रन का लक्ष्य सिर्फ 10 ओवर में हासिल कर लिया और मैच 8 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। मैदान पर मौजूद दर्शक ही नहीं बल्कि टीवी पर मैच देख रहे लोग भी इस तूफानी जीत को देखकर हैरान रह गए।
अभिषेक शर्मा ने मचा दिया कोहराम
इस मुकाबले के असली हीरो रहे युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा। अभिषेक ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही हमला बोल दिया। उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों में 68 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके और 5 छक्के निकले। सबसे खास बात यह रही कि अभिषेक ने सिर्फ 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। यह टीम इंडिया के लिए दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। उनकी बल्लेबाजी ने मैच को देखते ही देखते खत्म कर दिया।
जीत के बाद क्यों जांचा गया बल्ला
अभिषेक की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद मैच खत्म होते ही एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। न्यूजीलैंड के खिलाड़ी डिवोन कॉन्वे और जैकब डफी सीधे अभिषेक शर्मा के पास पहुंचे और उनका बल्ला देखने लगे। यह दृश्य कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। अभिषेक इस दौरान मुस्कुराते नजर आए। फैंस के लिए यह पल काफी मजेदार रहा और चर्चा का विषय बन गया।
न्यूजीलैंड की पारी रही फीकी
इससे पहले टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। न्यूजीलैंड की टीम इस फैसले का फायदा नहीं उठा सकी। कीवी बल्लेबाज शुरुआत से ही दबाव में नजर आए। पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर सिर्फ 154 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने सबसे ज्यादा 48 रन बनाए। भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 3 विकेट झटके जबकि हार्दिक पंड्या और रवि बिश्नोई को 2-2 सफलता मिली।
इसे भी पढ़ें : कीवियों को टी20 में रौंदकर Team India का बड़ा जवाब, पुराने जख्मों पर लगा ऐसा मरहम कि क्रिकेट जगत देखता रह गया
लक्ष्य का पीछा बना एकतरफा मुकाबला
154 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत जरूर खराब रही और पहली ही गेंद पर संजू सैमसन आउट हो गए। लेकिन इसके बाद अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। दोनों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और रन तेजी से बटोरते चले गए।
सूर्या और अभिषेक की साझेदारी ने खत्म किया मैच
सूर्यकुमार यादव ने भी अभिषेक का पूरा साथ निभाया और नाबाद 57 रन बनाए। ईशान किशन ने 28 रन की उपयोगी पारी खेली। टीम इंडिया ने सिर्फ 10 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी और ईश सोढ़ी को एक-एक विकेट मिला। इस जीत के साथ साफ हो गया कि इस मैच में असली कहानी अभिषेक शर्मा के बल्ले ने लिखी।