एशिया कप 2025 में टीम इंडिया के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं. पाकिस्तान के खिलाफ तूफानी फिफ्टी के बाद अब बांग्लादेश के खिलाफ भी उनका बल्ला जमकर बोला. दुबई के मैदान पर शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन जब इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने गियर बदला तो बांग्लादेशी गेंदबाजों की शामत आ गई. सिर्फ 9 रन बनाकर संघर्ष कर रहे अभिषेक ने चौथे ओवर में पहला छक्का जड़ा और फिर जैसे रुकने का नाम ही नहीं लिया.
6 चौके-5 छक्कों के से बनाये 75 रन!
5वें ओवर में दो और छक्के, छठे ओवर में लगातार चार चौके स्टेडियम में मानो तूफान आ गया. देखते-ही-देखते उन्होंने 25 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया. अंत में 37 गेंदों पर 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 75 रन बना डाले. हालांकि शतक का मौका हाथ आया था, लेकिन सूर्यकुमार यादव के साथ तालमेल बिगड़ने के कारण वो रन आउट हो गए. इस पारी में उन्होंने अपने गुरु युवराज सिंह का रिकॉर्ड भी तोड़ डाला.
कई रिकार्ड्स को किया धुआं-धुआं!
बता दें युवराज जहां 4 बार 25 या उससे कम गेंदों में फिफ्टी बना पाए थे, वहीं अभिषेक अब 5 बार ऐसा कर चुके हैं. यानी गुरु का चेला अब उनसे आगे निकल गया है. इस खास क्लब में सबसे आगे सूर्यकुमार यादव हैं, जिन्होंने 7 बार ये कमाल किया है. सिर्फ इतना ही नहीं, 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने के मामले में भी अभिषेक अब रोहित शर्मा और केएल राहुल जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ चुके हैं. इस फॉर्म में वो युवराज सिंह की बराबरी पर आ गए हैं और जल्दी ही सूर्या को भी टक्कर देते दिख सकते हैं.
मैन ऑफ द टूर्नामेंट का सजेगा ताज़!
सबसे बड़ी बात अभिषेक ने पावरप्ले में जिस अंदाज़ में छक्के बरसाए, वो अपने आप में रिकॉर्ड बन गया. अकेले उन्होंने 12 छक्के उड़ाए, जबकि पूरी श्रीलंकाई टीम ने अबतक पावरप्ले में इतने ही छक्के लगाए हैं. पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीम मिलकर भी उनसे पीछे रह गईं. अपने पहले ही एशिया कप में 248 रन, 17 छक्के और 23 चौके… ये आंकड़े बता रहे हैं कि ये युवा बल्लेबाज आने वाले वक्त में टीम इंडिया का नया सितारा बनने वाला है. जिस आत्मविश्वास और ताबड़तोड़ अंदाज़ से उन्होंने खेल दिखाया है, उसे देखकर कहना गलत नहीं होगा कि इस बार ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ का ताज भी उन्हीं के सिर सज सकता है. युवराज सिंह के लाडले ने मैदान पर चौकों-छक्कों की ऐसी बारिश की है कि रिकॉर्ड बुक के पन्ने खुद-ब-खुद पलटने लगे. क्रिकेट के जानकार कह रहे है अगर ये फॉर्म बरकरार रहा, तो आने वाले सालों में अभिषेक शर्मा का नाम टी20 क्रिकेट की दुनिया में सुनामी की तरह गूंजेगा.