Abhishek Sharma Test : भारतीय क्रिकेट में इन दिनों युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। टी20 क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बना चुके अभिषेक के टेस्ट क्रिकेट भविष्य पर पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने बड़ी टिप्पणी की है। रैना का मानना है कि अभिषेक शर्मा में टेस्ट क्रिकेट खेलने की क्षमता है और उन्हें इस प्रारूप में मौका मिलना चाहिए।
रैना ने क्या कहा?
एक पॉडकास्ट के दौरान बातचीत में सुरेश रैना ने साफ तौर पर कहा कि उन्हें लगता है कि अभिषेक शर्मा को टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहिए। रैना का यह बयान ऐसे समय आया है जब अभिषेक सीमित ओवरों के क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम इंडिया के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में गिने जा रहे हैं।
अभी तक नहीं मिला टेस्ट डेब्यू
हालांकि अभिषेक शर्मा ने अभी तक भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण नहीं किया है। वह फिलहाल सिर्फ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते नजर आए हैं। बावजूद इसके, घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन को देखते हुए कई क्रिकेट विशेषज्ञ मानते हैं कि भविष्य में उन्हें लंबे प्रारूप में भी आजमाया जा सकता है।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा ने अब तक 24 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। इन मुकाबलों की 37 पारियों में उन्होंने 30.60 की औसत से 1071 रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक और पांच अर्धशतक दर्ज हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 100 रन है। यह आंकड़े बताते हैं कि उन्होंने लाल गेंद के क्रिकेट में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
गेंदबाजी से भी देते हैं योगदान
अभिषेक सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं बल्कि गेंदबाजी में भी टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 27 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 20 विकेट हासिल किए हैं। एक पारी में 4 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। यही ऑलराउंड क्षमता उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अलग बनाती है।
इसे भी पढ़ें : भारत पहली बार जापान से भिड़ेगा, इस खास मैच के पीछे छिपा है बड़ा मकसद
टी20 में बना चुके हैं पहचान
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभिषेक शर्मा ने अब तक 56 टी20 मुकाबले खेले हैं। इन मैचों की 55 पारियों में उन्होंने 30.73 की औसत से 1629 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 11 अर्धशतक भी निकले हैं। लगातार आक्रामक प्रदर्शन के कारण वह टीम इंडिया के भविष्य के बड़े खिलाड़ियों में शामिल माने जा रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि चयनकर्ता और टीम प्रबंधन उन्हें टेस्ट क्रिकेट में मौका देते हैं या नहीं।