PCS Pre Exam: सरकारी मदद से पढाई करके राज्य के 277 युवाओं ने यूपी पीसीएस की प्रारम्भिक परीक्षा में सफलता अर्जित की है। इन प्रतिभाशाली युवाओं को प्रदेश का समाज कल्याण विभाग नि:शुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध करवा रहा है। समाज कल्याण मंत्रालय की तरफ से संचालित पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र, भागीदारी भवन और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से निःशुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर रहे 277 से अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/ प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्राo) परीक्षा 2025 में प्रारंभिक परीक्षा के लिए सफलता प्राप्त की है।
अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सफल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता न सिर्फ आने वाली पीढ़ी का मार्गदर्शन कर रही है, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों को भी बल दे रही है। समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक श्री आनंद कुमार सिंह ने बताया कि भागीदारी भवन स्थित कोचिंग से 91, अलीगंज स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र से 53, हापुड़ स्थित राजकीय आईएएस/पीसीएस कोचिंग केंद्र से 62, संत रविदास (वाराणसी) से 7 और गोरखपुर से 8 अभ्यर्थी यूपी पीसीएस-2025 की प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए हैं। वहीं मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना से 56 अभ्यर्थी सफल हुए हैं।
ऑनलाइन और ऑफलाइन मार्गदर्शन उपलब्ध
समाज कल्याण विभाग के निःशुल्क कोचिंग संस्थान अनुसूचित जाति/ जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रारंभिक परीक्षा मे सफल अभ्यर्थियों को लेटरल इन्ट्री के माध्यम से सीधे प्रवेश दिया जायेगा, जहां उन्हें निशुल्क आवासीय सुविधा ,भोजन, पुस्तकालय, आनलाइन और आफलाइन क्लासेज, टेस्ट पेपर की सुविधा उपलब्ध कराते हुए मुख्य परीक्षा की तैयारी करायी जायेगी। जबकि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना सभी वर्गों के प्रतिभाशाली युवाओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन मार्गदर्शन उपलब्ध कराती है।