ACC अंडर-19 एशिया कप के इस अहम मुकाबले में बांग्लादेश अंडर-19 टीम ने नेपाल अंडर-19 को हर विभाग में पछाड़ दिया। पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी नेपाल की टीम 31.1 ओवर में सिर्फ 130 रन पर सिमट गई। पारी की शुरुआत से ही नेपाल को संघर्ष करना पड़ा, क्योंकि बांग्लादेश के गेंदबाज लगातार सटीक लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करते रहे। ओपनर सहिल पटेल (18) और नीरज कुमार यादव (14) ने थोड़ी देर टिकने की कोशिश की, लेकिन टीम को ठोस शुरुआत नहीं दिला सके।
मिडिल ऑर्डर भी नहीं संभाल पाया पारी
नेपाल की ओर से अभिषेक तिवारी ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर आशीष लुहार ने 23 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिककर बड़ी पारी नहीं खेल सका। बांग्लादेश के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में रन गति को पूरी तरह काबू में रखा। हर ओवर में दबाव बढ़ता गया और नेपाल के बल्लेबाज जल्दबाजी में शॉट खेलने को मजबूर होते दिखे, जिसका नतीजा लगातार विकेट गिरने के रूप में सामने आया।
बांग्लादेशी गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
बांग्लादेश की ओर से मोहम्मद सोबुज सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट 27 रन देकर झटके। साद इस्लाम और कप्तान अजीजुल हकीम तामिम को 2-2 सफलता मिली। वहीं शाहरियार अहमद ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 10 रन देकर 2 विकेट लिए और नेपाल की रन गति पूरी तरह रोक दी। अनुशासित गेंदबाजी का ही नतीजा रहा कि नेपाल की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।
जवाबी बल्लेबाजी में नहीं दिखा कोई दबाव
131 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश अंडर-19 टीम ने शुरुआत से ही साफ कर दिया कि मैच उनके नियंत्रण में है। ओपनर जव्वाद अबरार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 68 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उन्होंने पारी को संभाले रखा और एक छोर से रन बनाते रहे। उनके साथ कलाम सिद्दीकी ने संयमित 34 रनों की पारी खेली और अहम साझेदारी कर मैच को लगभग एकतरफा बना दिया।
इसे भी पढ़ें : Team India का सबसे बड़ा सिरदर्द बन गया नंबर-3, गंभीर के प्रयोग क्यों नहीं ला रहे नतीजा, पढ़ें एक क्लिक में
आसान जीत के साथ बांग्लादेश मजबूत
हालांकि बांग्लादेश ने कुछ शुरुआती विकेट गंवाए, लेकिन टीम कभी दबाव में नजर नहीं आई। अंत में रिजान होसैन ने 8 गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाकर टीम को 24.5 ओवर में ही जीत दिला दी। नेपाल की ओर से अभिषेक तिवारी और युवराज खत्री को एक-एक विकेट मिला, लेकिन छोटा लक्ष्य बचाना उनके लिए संभव नहीं था। इस जीत के साथ बांग्लादेश अंडर-19 टीम ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है और विरोधी टीमों को साफ संदेश दे दिया है कि उन्हें हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।