
Accident due to bottle stuck: बुलंदशहर के जहांगीराबाद क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बिजली विभाग के कर्मचारी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय प्रदीप शर्मा पुत्र ओमप्रकाश, जो बिजलीघर में टीजी-2 के पद पर तैनात थे, सुबह साइकिल से पेट्रोल लेने जा रहे थे। जैसे ही वह चांदौक दोराहा के पास पहुंचे, उनकी साइकिल के पहिए में पेट्रोल की बोतल फंस गई। इससे साइकिल का संतुलन बिगड़ गया और प्रदीप सड़क पर गिर पड़े। गिरने के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से वे लहूलुहान हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल सीएचसी ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रदीप शर्मा के निधन से परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी प्रमिला स्थानीय प्राथमिक विद्यालय गुचावली में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं। प्रदीप के दो छोटे बेटे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और बिजलीघर के कर्मचारियों में भी इस हादसे से गम का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी देखेंःSant Premanand Maharaj: संत प्रेमानंद महाराज की सेहत में सुधार, भक्तों को हंसी के साथ मिली राहत
परिवार ने जताई जांच की मांग
कोतवाली प्रभारी संजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतक के बड़े भाई पवन कुमार भारद्वाज ने शक जताया है कि यह सिर्फ दुर्घटना नहीं बल्कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर का परिणाम हो सकता है। उन्होंने कहा कि साइकिल से गिरने भर से इतनी गंभीर चोट संभव नहीं है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।